श्रेयांश यादव ने बिहार की तैराकी को दिलाई नई पहचान

श्रेयांश यादव ने बिहार की तैराकी को दिलाई नई पहचान

- *राष्ट्रीय सब-जूनियर एक्वेटिक चैंपियनशिप में 100 मीटर फ्रीस्टाइल में जीता कांस्य पदक*
 - *पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की बड़ी उपलब्धि*

*पटना, 9 अगस्त 2026*:- बिहार की तैराकी के लिए रविवार का दिन एक नई उम्मीद और उपलब्धि लेकर आया। जयपुर में 6 से 9 अगस्त तक आयोजित 42वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय एक्वेटिक चैंपियनशिप में बिहार के युवा तैराक श्रेयांश यादव ने 100 मीटर फ्रीस्टाइल, बॉयज ग्रुप-III में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया।
फाइनल मुकाबले में श्रेयांश ने 1 मिनट 02.56 सेकेंड का शानदार समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल बिहार की तैराकी में नई ऊर्जा का संचार किया है, बल्कि राज्य के युवा तैराकों के लिए यह भरोसा भी जगाया है कि सही प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं 
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी  श्री रवीन्द्रण शंकरण ने श्रेयांश की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पदक बिहार की तैराकी के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि लगभग चार दशक से राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की तैराकी में पदक का इंतजार रहा है। पिछले कुछ वर्षों में इस स्थिति में तेजी से बदलाव आया है और अब लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया में कात्यायनी सिंह की उपलब्धि और वर्ष 2024 की सीनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में माही स्वेतराज के तीन स्वर्ण पदक के बाद पुरुष वर्ग में श्रेयांश यादव का राष्ट्रीय पदक बिहार की तैराकी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। इसे पुरुष वर्ग में बिहार का पहला राष्ट्रीय पदक भी बताया जा रहा है।
श्री शंकरण ने श्रेयांश की सफलता के पीछे हाल में आयोजित पारदर्शी और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय तैराकी महासंघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से राजगीर पुलिस अकादमी के 50 मीटर स्विमिंग पूल में चयन परीक्षण आयोजित किया गया था। इसी चयन परीक्षण के माध्यम से श्रेयांश यादव का चयन हुआ और उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि श्रेयांश की सफलता एक बार फिर यह साबित करती है कि बिहार में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है प्रतिभाओं को पहचानने, पारदर्शी तरीके से चयन करने, बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का सही अवसर देने की।
बिहार की खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने श्रेयांश यादव को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार के युवा तैराक की यह सफलता राज्य में तैराकी के बढ़ते आधार और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।
खेल मंत्री ने बिहार में तैराकी को आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिए बिहार स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव श्री अखिलेश्वर नाथ तिवारी तथा पटना जिला स्विमिंग एसोसिएशन के सचिव श्री गजेन्द्र कुमार को भी शुभकामनाएं दीं।

0 Response to "श्रेयांश यादव ने बिहार की तैराकी को दिलाई नई पहचान"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article