निदेशक, पशुपालन ने भागलपुर एवं बांका जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं का किया निरीक्षण

निदेशक, पशुपालन ने भागलपुर एवं बांका जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं का किया निरीक्षण

रजौन में 10 हजार क्षमता के लेयर पोल्ट्री फार्म का भी लिया जायजा; अधिकारियों को समयबद्ध एवं पशुपालक-केंद्रित कार्य करने का निर्देश

पटना, 20 अगस्त 2026। श्री उज्ज्वल कुमार सिंह, निदेशक, पशुपालन, बिहार द्वारा आज दिनांक 20 अगस्त 2026 को भागलपुर एवं बांका जिले का क्षेत्रीय भ्रमण कर पशु चिकित्सा सेवाओं तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया गया। भ्रमण के क्रम में क्षेत्रीय निदेशक, पशुपालन, भागलपुर क्षेत्र, जिला पशुपालन पदाधिकारी, भागलपुर, जिला पशुपालन पदाधिकारी, बांका तथा अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

निदेशक, पशुपालन द्वारा प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय, रजौन, बांका का निरीक्षण किया गया। उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध पशु चिकित्सा सेवाओं, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को पशुपालकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र पशुपालकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान निदेशक महोदय ने बांका जिले के रजौन प्रखंड अंतर्गत निरपा ग्राम में मो. शाहनवाज अहमद द्वारा संचालित 10,000 क्षमता के लेयर पोल्ट्री फार्म का भी निरीक्षण किया। विभागीय अनुदान के सहयोग से निजी क्षेत्र में स्थापित इस फार्म में उन्होंने लेयर पक्षियों के रख-रखाव, आवास व्यवस्था, अंडा उत्पादन, प्रबंधन एवं फार्म की आधारभूत संरचना का अवलोकन किया। उन्होंने निजी क्षेत्र में आधुनिक एवं व्यावसायिक कुक्कुटपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार तथा आय सृजन के लिए महत्वपूर्ण बताया।

निरीक्षण के क्रम में श्री सिंह ने विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि समय पालन, नियमित क्षेत्र भ्रमण और पशुपालक हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिला अंतर्गत संचालित पशुपालन योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनकी भौतिक प्रगति का स्थल निरीक्षण भी किया जाए।

निदेशक महोदय ने चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम को शीघ्र पूरा करने तथा टीकाकरण से संबंधित शत-प्रतिशत आंकड़ों को भारत पशुधन पोर्टल पर समयबद्ध रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल लक्ष्य प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि किए गए कार्य का सही एवं समय पर डिजिटल अभिलेखीकरण भी आवश्यक है।

उन्होंने जिला पशुपालन पदाधिकारियों को अपने-अपने जिले के पशु चिकित्सालयों तथा मोबाइल पशु चिकित्सा इकाइयों (MVU) के कार्यों का नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने तथा उनकी सेवाओं की प्रभावशीलता का प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि मोबाइल पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ जरूरतमंद पशुपालकों तक समय पर पहुंचे।
निदेशक, पशुपालन ने पदाधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई दे और पशुपालकों को समय पर चिकित्सा, टीकाकरण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अन्य विभागीय सेवाएं सुगमता से प्राप्त हों।

भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय निदेशक, पशुपालन, भागलपुर क्षेत्र, जिला पशुपालन पदाधिकारी, भागलपुर, जिला पशुपालन पदाधिकारी, बांका सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

0 Response to "निदेशक, पशुपालन ने भागलपुर एवं बांका जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं का किया निरीक्षण"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article