लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव ने पटना पश्चिम प्रमंडल में जलापूर्ति योजनाओं का किया औचक निरीक्षण
पटना। लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार के सचिव श्री बी. कार्तिकेय (IAS) ने लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, पटना पश्चिम के अंतर्गत विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं का औचक निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने अकौना पंचायत अंतर्गत मराची जलापूर्ति योजना, गंजपर में मुशहरी टोला में वार्ड आधारित जलापूर्ति योजना एवं वर्ल्ड बैंक संपोषित नदियावां एकल जलापूर्ति योजना का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जलापूर्ति व्यवस्था सुव्यवस्थित पाई गई तथा उपभोक्ताओं को निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप पेयजल की आपूर्ति की जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर लापरवाही अथवा कार्य में अपेक्षित गंभीरता की कमी पाई गई, वहां सचिव द्वारा संबंधित कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया।
सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जलापूर्ति योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों को नियमित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं की सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलापूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करते हुए योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को निर्बाध रूप से पेयजल की सुविधा मिलती रहे।
0 Response to "लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव ने पटना पश्चिम प्रमंडल में जलापूर्ति योजनाओं का किया औचक निरीक्षण"
एक टिप्पणी भेजें