चीनी की बढ़ती कीमतों पर राजद का हमला, सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार;कालाबाजारियों और जमाखोरों पर कार्रवाई हो: एजाज अहमद
पटना 21 अगस्त 2026
देशभर में चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। राजद नेता एजाज अहमद ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण चीनी के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार से पहले चीनी की बढ़ती कीमत कहीं ना कहीं लोगों के मिठास को कम कर देगा और इससे त्यौहार की खुशियों में खलल पड़ेगा।
एजाज अहमद ने आगे कहा कि गन्ने का बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन में उपयोग किए जाने के कारण चीनी का उत्पादन और उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसी वजह से बाजार में चीनी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
इन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की नीति तो बनाई, लेकिन इससे आम उपभोक्ताओं पर पड़ने वाले प्रभावों को नजरअंदाज कर दिया।
इन्होंने ने कहा कि त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में चीनी की मांग और बढ़ेगी। ऐसे समय में कीमतों में वृद्धि से आम लोगों, छोटे व्यापारियों और मिठाई कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। इन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल इस तरह स्थिति की समीक्षा कर ऐसी नीति बनानी चाहिए जिससे चीनी की उपलब्धता बढ़े और कीमतों पर नियंत्रण किया जा सके।
एजाज अहमद ने कहा कि महंगाई पहले से ही लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। खाद्य पदार्थों और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में चीनी की कीमतों में वृद्धि ने आम परिवारों की चिंता और बढ़ा दी है। इन्होंने सरकार से मांग की कि त्योहारों को देखते हुए चीनी के दाम कम करने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाए जाएं। और कालाबाजारी और जमाखोरों पर कार्रवाई करे।
राजद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया तो आम जनता को और अधिक आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। पार्टी ने केंद्र सरकार से चीनी और इथेनॉल उत्पादन से जुड़ी नीतियों की पुनर्समीक्षा करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और बाजार में कीमतें नियंत्रित रह सके।
0 Response to "चीनी की बढ़ती कीमतों पर राजद का हमला, सरकार की नीतियों को ठहराया जिम्मेदार;कालाबाजारियों और जमाखोरों पर कार्रवाई हो: एजाज अहमद"
एक टिप्पणी भेजें