पटना में 775 कार्टन प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीली दवाएं बरामद, गोदाम सीलबंद

पटना में 775 कार्टन प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीली दवाएं बरामद, गोदाम सीलबंद

पटना, 26 अगस्त 2026। बिहार में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की EIB टीम ने आसूचना के आधार पर पटना जिला उत्पाद टीम के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीली दवाएं बरामद की हैं।

EIB टीम द्वारा आज पटना जिले के बाईपास थाना अंतर्गत मर्ची रोड, महादेव स्थान स्थित एक गोदाम में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान गोदाम से कुल 775 कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप एवं अन्य नशीली दवाएं बरामद की गईं। इनमें 588 कार्टन (3790.80 लीटर), कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल हैं, जबकि शेष कार्टनों में नशे के लिए दुरुपयोग की जाने वाली कैप्सूल एवं इंजेक्शन बरामद हुए हैं।
कार्रवाई के दौरान संबंधित गोदाम को तत्काल सीलबंद कर दिया गया। बरामद सामग्री एवं मामले को आवश्यक कानूनी कार्रवाई तथा प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पटना जिला उत्पाद टीम को हस्तगत कराया गया है। गोदाम मालिक एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है तथा अनुसंधान जारी है।

छापेमारी के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर दयानंद प्रसाद, नेहा रंजन सिंह एवं संजय कुमार द्वारा बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप, नशीली दवाओं एवं इंजेक्शन का सत्यापन भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बाद नशे के अन्य अवैध साधनों, विशेषकर प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और दुरुपयोग पर भी मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रतिबंधित दवाओं को अवैध रूप से युवाओं तक पहुंचाने और उनके दुरुपयोग से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को देखते हुए विभाग द्वारा ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

0 Response to "पटना में 775 कार्टन प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप एवं नशीली दवाएं बरामद, गोदाम सीलबंद"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article