सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सफल  आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा

पटना, 20 अगस्त 2026।

संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा आयोजित सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन पटना में 21 से 23 अगस्त तथा 29 एवं 30 अगस्त 2026 को बाँकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त श्री राजेश कुमार ने तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी दंडाधिकारियों, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्राधीक्षकों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, स्वच्छता, निष्पक्षता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में जैमर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनकी कार्यशीलता की नियमित जांच कराने का निर्देश दिया। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के प्रतिनिधियों को जैमर की जांच करने तथा अनुमंडल पदाधिकारी को उनके साथ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर जैमर की कार्यशीलता का सत्यापन कराने को कहा गया।

उन्होंने जोनल मजिस्ट्रेट एवं केंद्राधीक्षकों को परीक्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा संघ लोक सेवा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा अनिवार्य*

सिविल सेवा मुख्य परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली के लिए परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार पूर्वाह्न 8:30 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 2:00 बजे बंद कर दिया जाएगा। आयुक्त ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित समय से  पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी करते हुए अपने स्थान पर बैठ जाएं।
परीक्षा केंद्र में बैग, मोबाइल फोन, कैमरा अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट एवं संचार उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वीक्षकों के पास भी मोबाइल फोन, कैमरा अथवा कोई संचार उपकरण नहीं रहेगा।

*फ्रिस्किंग एवं फेस ऑथेंटिकेशन की विशेष व्यवस्था*

परीक्षा केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल को अभ्यर्थियों की सघन एवं सावधानीपूर्वक फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की जाँच के लिए क्रमशः पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया।

सभी अभ्यर्थियों का फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को फेस ऑथेंटिकेशन की प्रक्रिया पूरी सतर्कता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

*परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश*

आयुक्त ने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा केंद्र के सभी कक्षों में पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, दीवार घड़ी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। सभी कक्षों की घड़ियों को एक ही समय पर सेट करने को कहा गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी को परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का सत्यापन करने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र पर तैनात सभी वीक्षकों, पदाधिकारियों एवं कर्मियों के पास वैध सरकारी पहचान पत्र होना अनिवार्य है। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

*यातायात व्यवस्था एवं नियंत्रण कक्ष की भी रहेगी व्यवस्था*

प्रमंडलीय आयुक्त ने पुलिस अधीक्षक यातायात को परीक्षा के दिनों में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो. स्थानीय निरीक्षण अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का समुचित निरीक्षण कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

परीक्षा की पूरी अवधि में आयुक्त कार्यालय में नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2219205 एवं 2233578 है. इस पर आवश्यक सूचना दी जा सकती है.

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा के सफल आयोजन में सभी संबंधित पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अतः सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो।

बैठक में आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार ठाकुर, पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सागर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, केंद्राधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

0 Response to "सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article