मेगा जॉब फेयर-2026 से युवाओं को मिला रोजगार का मंच, विभाग के प्रयासों से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना

मेगा जॉब फेयर-2026 से युवाओं को मिला रोजगार का मंच, विभाग के प्रयासों से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना

*मेगा जॉब फेयर-2026 के चौथे दिन हुआ 3727 युवाओं का चयन* 

पटना। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस (BFSI), रिटेल एवं अन्य संबद्ध क्षेत्रों में आयोजित “मेगा जॉब फेयर-2026” का कल नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों से चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इससे पहले पटना के ज्ञान भवन में आयोजित इस मेगा जॉब फेयर में आज चौथे दिन कुल 9500 से अधिक युवाओं ने भाग लिया, जिसमें 3727 लोगों का चयन विभिन्न कंपनियों द्वारा किया गया। चौथे दिन भी मेले में खूब रौनक देखने को मिली और प्रदेश भर से आये युवाओं ने यहाँ अपना भाग्य आजमाया। 
इस आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए आवेदन, साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं, बीमा, रिटेल सहित अन्य संबद्ध क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों ने युवाओं को अपने करियर की नई दिशा तलाशने का अवसर दिया। मेले का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं के कौशल, योग्यता और उद्योग की जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी रहा।

मेगा जॉब फेयर के सफल आयोजन में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग और बिहार कौशल विकास मिशन की भूमिका महत्वपूर्ण रही। विभाग की ओर से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कंपनियों और अभ्यर्थियों को एक मंच पर लाने, चयन प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने तथा रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को यह अवसर मिला कि वे अपने घर के आसपास ही देश के विभिन्न हिस्सों से आई कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी योग्यता और कौशल का प्रदर्शन कर सकें।
विभाग का जोर युवाओं को केवल पारंपरिक रोजगार तक सीमित रखने के बजाय बदलते रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप कौशल और करियर के अवसर उपलब्ध कराने पर है। कौशल प्रशिक्षण को रोजगार से जोड़ने की दिशा में आयोजित यह मेगा जॉब फेयर इसी प्रयास की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। इससे युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ने के साथ निजी क्षेत्र में करियर बनाने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।

0 Response to "मेगा जॉब फेयर-2026 से युवाओं को मिला रोजगार का मंच, विभाग के प्रयासों से साकार हुआ आत्मनिर्भरता का सपना"

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article