जिलाधिकारी द्वारा एएन कॉलेज, पटना स्थित पोल्ड ईवीएम वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025
------------------------------------
आयोग के निदेशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता एवं कड़ी सुरक्षा के बीच पोल्ड ईवीएम संधारित हैः जिलाधिकारी
-----------------------------
स्ट्रॉंग रूम सीसीटीवी कैमरों की 24* 7 निगरानी में, परिसर में किसी के भी अनधिकृत प्रवेश की अनुमति नहीं
---------------------------—-
स्ट्रॉन्ग रूम का सीसीटीवी डिस्पले अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध कराया गया है
-----------------------------
पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है
-----------------------------
पटना, रविवार, दिनांक 09.11.2025ः जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के दृष्टिगत एएन कॉलेज, पटना स्थित पोल्ड ईवीएम वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस बैठक में सभी निर्वाची पदाधिकारियों एवं कोषांगों के नोडल अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी 14 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 6 नवंबर को मतदान समाप्ति के पश्चात 5,677 मतदान केन्द्रों का पोल्ड ईवीएम संग्रहण एएन कॉलेज, पटना में किया गया। आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों एवं अभ्यर्थियों/ निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए ए.एन. कॉलेज स्थित विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निर्मित पोल्ड ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम को डबल लॉक सिस्टम के तहत सील किया गया। *भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों तथा प्रोटोकॉल के अनुरूप* वज्रगृह की सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वज्रगृह में रखे गए ईवीएम की सुरक्षा हेतु सशस्त्र बलों को त्रि-स्तरीय (थ्री-टियर) सुरक्षा घेरे में तैनात किया गया है जिसमें अंदरूनी सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को दिया गया है। प्रथम टियर सीएपीएफ के पूर्ण नियंत्रण में है जिसमें सीआईएसएफ के 1 प्लाटून एवं सीआरपीएफ के 2 प्लाटून की तैनाती की गई है। द्वितीय टियर में बिहार विशेष सशस्त्र बल (बीएसएपी) की 1 कम्पनी तैनात की गई है। तृतीय टियर में जिला सशस्त्र पुलिस (डीएपी) के 12 सेक्शन की प्रतिनियुक्ति की गयी है। 03 अपर पुलिस अधीक्षकों-पुलिस उपाधीक्षकों तथा 13 पुलिस पदाधिकारियों की 24*7 तैनाती है। नियंत्रण कक्ष क्रियाशील है। *सीसीटीवी कैमरा नियंत्रण कक्ष में 03 पुलिस पदाधिकारी एवं 12 मजिस्ट्रेट मुस्तैद* हैं। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर डीएफएमडी/एचएचएमडी संस्थापित किया गया है। परिसर में किसी के भी अनधिकृत प्रवेश की अनुमति नहीं है। विधिवत अनुमति एवं प्रक्रियानुसार जिनका भी प्रवेश हो रहा है उनका नाम एवं विवरण पंजी में दर्ज किया जाना अनिवार्य है। इसका अक्षरशः अनुपालन किया जा रहा है। तीन पालियों में 15 दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतिदिन निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा दो बार एवं उनके द्वारा अर्थात् जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- जिला पदाधिकारी, पटना द्वारा एक बार स्ट्रांग रूम का भ्रमण किया जा रहा है। अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों को भी एसओपी के अनुसार स्ट्रॉंग रूम का भ्रमण कराया जाता है।
विदित हो कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार श्री विनोद सिंह गुंजियाल द्वारा आज पटना में बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के दृष्टिगत ईवीएम वज्रगृह एवं मतगणना केन्द्र का निरीक्षण किया गया था तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया था। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने एसओपी के अनुसार सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था पर हर्ष व्यक्त करते हुए पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन लड़ने वाले सभी अभ्यर्थियों को लिखित रूप से सूचित किया गया था कि वे अपने प्रतिनिधियों को पोल्ड ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु नियुक्त कर सकते हैं। आंतरिक घेरे के बाहर अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों को उपस्थित रहने की अनुमति दी गई है। स्ट्रॉन्ग रूम का सीसीटीवी डिस्पले भी अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध कराया गया है। परिसर के अंदर चिन्हित स्थल से अभ्यर्थी/उनके प्रतिनिधि सीसीटीवी के माध्यम से सभी गतिविधियों को देख सकते हैं। अभ्यर्थियों/प्रतिनिधियों द्वारा आयोग के निर्देशों के अनुरूप स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का सतत अवलोकन किया जा रहा है। सभी इससे संतुष्ट हैं। पूरी पारदर्शिता एवं कड़ी सुरक्षा के बीच पोल्ड ईवीएम का संधारण किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा पदाधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार वज्रगृह की सतत सुरक्षा सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ए.एन. कॉलेज में 14 नवंबर को मतगणना होना है। मतगणना के समय हजारों की संख्या में मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक, प्राधिकृत कर्मी एवं अधिकारी, अभ्यर्थी/उनके प्रतिनिधि यहाँ मौजूद रहेंगे। काफ़ी अधिक संख्या में वाहनों का आवागमन भी होगा। इस सबको ध्यान में रखते हुए तैयारी की जा रही है। इसका भी निरीक्षण किया जा रहा है और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। सुगम यातायात, उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन तथा सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण के प्रति सभी पदाधिकारियों को सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने पदाधिकारियों को मतगणना के विभिन्न आयामों पर विस्तार से दिशा-निदेश दिया तथा मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार त्वरित गति से कार्य करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतों की गणना एक महत्वपूर्ण प्रक्रम है। मतगणना सुगमतापूर्वक हो इसके लिए मानकों के अनुसार सभी प्रबंध रहनी चाहिए। प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समुचित प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे तत्परतापूर्वक एवं विधिवत कार्य पूरा करें। जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को मतगणना दिवस को नियंत्रण कक्ष क्रियाशील रखने हेतु निदेशित किया गया। निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सुदृढ़ अग्निशमन व्यवस्था, मेडिकल टीम की तैनाती, प्रभावी पब्लिक एड्रेस सिस्टम, परिसर की साफ़-सफाई इत्यादि पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के लिए मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने विभिन्न काउंटर, मतगणना कक्षों, बैरिकेडिंग, हेल्पडेस्क, ड्रॉप गेट इत्यादि की तैयारी में प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिया। अधिकारियों को एएन कॉलेज में समुचित संख्या में हेल्पडेस्क का निर्माण सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रकाश की उत्कृष्ट व्यवस्था रहनी चाहिए। पदाधिकारियों को आंतरिक साईनेज प्लान का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। समुचित संख्या में उपयुक्त स्थानों पर ड्रॉप गेट का निर्माण करने का निर्देश दिया गया।
======================
गौरतलब है कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना के निदेश पर बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के आलोक में पटना जिला के सभी 14 विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के दिनांक 14 नवम्बर, 2025 को ए.एन. कॉलेज, पटना में निर्धारित मतगणना कार्य को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वच्छ, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, मतगणना माइक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायकों एवं अन्य का दो चरणों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण के प्रशिक्षण का आयोजन 10 नवम्बर को तथा द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का आयोजन 13 नवम्बर को होगा। 6 जिला-स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं पदाधिकारियों द्वारा आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मतगणना के सभी पहलुओं तथा तकनीकी कार्यों के बारे में संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा प्रशिक्षण कोषांग के पदाधिकारियों को इसका पर्यवेक्षण करने का निदेश दिया गया है।
======================
जिलाधिकारी द्वारा वज्रगृह एवं मतगणना कोषांग, जिला निर्वाचन समन्वय कोषांग, कार्मिक कोषांग, आदर्श आचार संहिता कोषांग, मीडिया कोषांग, ईवीएम कोषांग, कार्मिक कल्याण प्रबंधन कोषांग, विधि-व्यवस्था कोषांग सहित सभी संबंधित कोषांगों के पदाधिकारियों को आपस में सार्थक समन्वय एवं सुदृढ़ संवाद स्थापित रखने का निदेश दिया गया है। चेकलिस्ट के अनुसार कार्यों को सम्पादित करने का निदेश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि *जिला प्रशासन उत्सवी माहौल में सम्पूर्ण निर्वाचन कार्य को सम्पन्न* कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मतदान काफी सहज ढंग से त्योहार जैसे माहौल में पूरा हुआ है। लोगों की काफ़ी सहभागिता रही है। यह हर्ष की बात है। इसके लिए सभी हितधारक धन्यवाद के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के दिशा-निदेशों के अनुसार मतगणना भी स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा। सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए मानकों के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
0 Response to "जिलाधिकारी द्वारा एएन कॉलेज, पटना स्थित पोल्ड ईवीएम वज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गयी "
एक टिप्पणी भेजें