श्रम संसाधन विभाग, बिहार के सचिव श्री दीपक आनन्द का तीन दिवसीय हरियाणा एवं दिल्ली दौरा सम्पन्न
श्रम संसाधन विभाग, बिहार के सचिव श्री दीपक आनन्द का 10 से 12 नवम्बर 2025 तक तीन दिवसीय हरियाणा एवं दिल्ली दौरा सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने विभिन्न औद्योगिक संस्थानों, विश्वविद्यालयों और राष्ट्रीय स्तर की बैठकों में भाग लेकर कौशल विकास और रोजगार सृजन से जुड़ी कई पहलुओं पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
दौरे के पहले दिन, 10 नवम्बर को श्री आनन्द ने हरियाणा के धारूहेड़ा स्थित हीरो मोटोकॉर्प प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी मेगा स्किल सेंटर्स में कंपनी की भागीदारी को लेकर अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना में हीरो मोटोकॉर्प को पंजीकरण के लिए आमंत्रित किया। कंपनी ने इस योजना में शामिल होकर बिहार के युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करने पर सहमति जताई।
11 नवम्बर को श्री आनन्द ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय श्रम एवं रोजगार तथा उद्योग मंत्रियों और सचिवों के सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों ने रोजगार, श्रम सुधार और कौशल विकास के विषयों पर अपने विचार रखे। श्री आनन्द ने बिहार में चल रहे कौशल प्रशिक्षण विकास कार्यक्रमों और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
दौरे के अंतिम दिन, 12 नवम्बर को उन्होंने हरियाणा की श्री विश्वकर्मा स्किल यूनिवर्सिटी का भ्रमण किया। विश्वविद्यालय के कुलपति, रजिस्ट्रार और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण संरचना और उद्योग-समन्वित शिक्षा मॉडल की जानकारी प्राप्त की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिहार में स्किल यूनिवर्सिटी के विकास में हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि यह दौरा बिहार में कौशल विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इस प्रयास से राज्य के युवाओं के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है तथा औद्योगिक संस्थानों के साथ राज्य के संबंध और मजबूत होंगे।
0 Response to "श्रम संसाधन विभाग, बिहार के सचिव श्री दीपक आनन्द का तीन दिवसीय हरियाणा एवं दिल्ली दौरा सम्पन्न"
एक टिप्पणी भेजें