प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा 15 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की गई, माननीय जन-प्रतिनिधियों एवं निर्वाचकों से फीडबैक लिया गया

प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा 15 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की गई, माननीय जन-प्रतिनिधियों एवं निर्वाचकों से फीडबैक लिया गया

प्रमंडलीय आयुक्त ने पटना समाहरणालय में सभी मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ की बैठक, अधिकारियों को दावा-आपतियों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करने का दिया निदेश
--------------------------

आयुक्त ने कहाः अभियान का एक ही उद्देश्य है ‘‘कोई मतदाता छूटे नहीं, कोई भी अपात्र निर्वाचक मतदाता सूची से जुड़े नहीं’’, निर्वाचकों की सहायता हेतु सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र तत्पर है
----------------------------------------------

प्रमंडलीय आयुक्त ने पटना में अभियान के सफल संचालन पर हर्ष व्यक्त किया 
========================

प्रारूप मतदाता सूची पर दावा एवं आपत्ति दाखिल करने हेतु केवल 3 दिन शेष, मिशन मोड में दावों एवं आपत्तियों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए 1 सितम्बर तक सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों एवं शहरी निकाय कार्यालयों में विशेष कैम्प का आयोजन हो रहा है, आयुक्त ने सभी स्टेकहोल्डर्स से इसका लाभ उठाने की अपील की
-----------------------------------------------

पटना, शुक्रवार, दिनांक 29.08.2025ः आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना-सह-निर्वाचक सूची प्रेक्षक डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 के संदर्भ में आज पटना जिला के 15 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में स्थानीय माननीय जन-प्रतिनिधियों तथा निर्वाचकों से फीडबैक भी लिया गया। साथ ही आयुक्त ने बीएलओ, बीएलए, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधियों के साथ निरीक्षण के दरम्यान समीक्षा बैठक भी की। आयुक्त ने कहा है कि निर्वाचकों की सहायता हेतु सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र सजग एवं तत्पर है। भारत निर्वाचन आयोग के निदेशों के अनुसार पटना जिला सहित पटना प्रमंडल के सभी जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का सफल संचालन हो रहा है। सभी जिलों में जाकर वे इसकी समीक्षा कर रहे हैं। बीते दो दिनों में उन्होंने चार जिलों का भ्रमण कर अभियान में प्रगति का निरीक्षण किया। आज पांचवां जिला में निरीक्षण कर रहे हैं। कल गुरूवार को भोजपुर एवं बक्सर जिला में मतदान केन्द्रों का निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक की गई। परसों बुधवार को उन्होंने रोहतास एवं कैमूर जिला में निरीक्षण किया था। आज वे पटना जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण कर रहे हैं। दीघा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में केबी सहाय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शेखपुरा; बालिका उच्च विद्यालय शास्त्री नगर; पंत भवन तथा बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में बुडको राजापुर पुल स्थित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि बीएलओ, एईआरओ, ईआरओ सहित सभी पदाधिकारियों द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है। राजनैतिक दलों के माननीय प्रतिनिधियों द्वारा भी काफी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। सभी की भूमिका सराहनीय है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सम्पूर्ण अभियान का एक ही उद्देश्य है कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम निर्वाचक सूची से बाहर न रहे। साथ ही कोई भी अपात्र व्यक्ति इसमें शामिल न हो पाए। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित निर्वाचक सूची से हमारा समृद्ध लोकतंत्र और अधिक सुदृढ़ होगा। 
 मतदान केन्द्रों के निरीक्षण के बाद प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा पटना समाहरणालय स्थित सभागार में सभी मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं अन्य के साथ समीक्षात्मक बैठक की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. द्वारा प्रमंडलीय आयुक्त महोदय के संज्ञान में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बारे में अद्यतन सभी तथ्यों को लाया गया। उन्होंने कहा कि पटना जिला में दिनांक 01.07.2025 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 2025 भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जिलान्तर्गत सभी मतदान केन्द्रों/विनिर्दिष्ट स्थलों पर 1 अगस्त, 2025 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। इसकी कॉपी भी सभी मान्यता-प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व के निर्वाचक सूची में पंजीकृत 50,47,194 निर्वाचकों में से 92.16 प्रतिशत मतदाताओं का नाम अर्थात 46,51,694 निर्वाचकों का नाम प्रारूप मतदाता सूची में आ गया है। शेष 3,95,500 मतदाता विभिन्न कारणों यथा मृत्यु, स्थायी रूप से स्थानांतरण या पूर्व से पंजीकरण के कारण प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत (एएसडी) सूची की समीक्षा करने का निदेश दिया गया ताकि कोई भी पात्र मतदाता निर्वाचक सूची से छूटे नहीं।
 
जिलाधिकारी ने कहा कि 1 अगस्त, 2025 से 1 सितम्बर, 2025 तक दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अवधि निर्धारित है। दिनांक 01.08.2025 से 27.08.2025 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 43,520 फॉर्म-6 प्राप्त हुआ है। इसी अवधि में 10,668 फॉर्म-7 तथा 25,669 फॉर्म-8 प्राप्त हुआ है। इन सभी का गुणवतापूर्ण निष्पादन किया जा रहा है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को इसमें विशेष रूचि लेकर आयोग के निदेशों के अनुसार समय से कार्य करने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचकों की सहायता हेतु 2 अगस्त से 1 सितम्बर तक सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों एवं शहरी निकाय कार्यालयों में विशेष कैम्प का आयोजन हो रहा है ताकि मिशन मोड में दावों एवं आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित 5,665 बीएलओ, करीब 563 बीएलओ सुपरवायजर एवं 14 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ-साथ सम्पूर्ण निर्वाचन तंत्र अभियान में लगा हुआ है। प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। साथ ही उन्होंने राजनैतिक दलों के सभी प्रतिनिधियों सहित आम निर्वाचकों से विशेष कैम्प से लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दावा-आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है। इसमें अब केवल 3 दिन शेष है। विशेष कैम्प में ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश प्रारूप निर्वाचक सूची में शामिल नहीं है या दिनांक 01.07.2025 को अर्हता प्राप्त नागरिक स्वयं प्रारूप-6, घोषणा पत्र (एनेक्चर-डी) एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ समर्पित कर सकते हैं। निर्वाचक अपने नाम के स्थानांतरण/संशोधन हेतु स्वयं प्रारूप-8, घोषणा पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ समर्पित कर सकते हैं। प्रारूप निर्वाचक सूची में शामिल मतदाताओं के विरूद्ध आक्षेपकर्ता स्वयं प्रारूप-7 में आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। 

आज के इस बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत रूप से विचार-विमर्श किया गया तथा अपने-अपने सुझावों को रखा गया। सभी प्रतिनिधियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के किए जा रहे सफलतापूर्वक संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन, पटना के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने आयुक्त के संज्ञान में लाया कि माननीय जन-प्रतिनिधियों के सुझाव पर तथा मतदाताओं की सुविधा हेतु हर शनिवार एवं रविवार को भी सभी बीएलओ अपने-अपने बूथ पर रहते हैं एवं मतदाताओं की सहायता तथा निर्वाचन संबंधी कार्य करते हैं। सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित तौर पर समन्वय रखा जा रहा है एवं बैठक कर तथा पुनरीक्षण के क्रम में प्राप्त दावों एवं आपत्तियों से अवगत कराया जा रहा है। साप्ताहिक अवधि में प्राप्त होने वाले दावों एवं आपत्तियों की सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला-स्तर पर भी साप्ताहिक अवधि में प्राप्त होने वाले दावा एवं आपत्तियों की सूची सभी प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ईआरओ को बीएलओ एवं बीएलए के बीच सुदृढ़ समन्वय स्थापित करने का निदेश दिया गया है। 

आयुक्त ने कहा कि दावा एवं आपत्तियों को दाखिल करने की अवधि 1 अगस्त से 1 सितम्बर तक प्रपत्र-6, 7, 8 में ऑनलाईन (voters.eci.gov.in  तथा वोटर हेल्पलाईन ऐप) अथवा ऑफलाईन प्राप्त किया जाना है।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा गृहवार गणना अवधि के दौरान प्राप्त प्रगणन प्रपत्रों पर निर्णय एवं दावों तथा आपत्तियों का साथ-साथ निष्पादन दिनांक 25 सितम्बर, 2025 तक किया जाएगा। अंतिम रूप से प्रकाशित होने वाले निर्वाचक सूची की गुणवता की जाँच तथा अंतिम प्रकाशन हेतु आयोग की अनुमति दिनांक 27.09.2025 तक प्राप्त की जाएगी। इसके उपरांत निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 30 सितम्बर, 2025 को किया जाएगा। 

आयुक्त ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी राजनैतिक दलों एवं उनके प्रतिनिधियों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में काफी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि आप सभी आगे भी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें। 

प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि फोटोयुक्त निर्वाचक सूची के पुनरीक्षण अवधि में आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सभी ईआरओ एवं एईआरओ को बीएलओ-बीएलए की संयुक्त बैठक नियमित तौर पर आयोजित करने का निदेश दिया गया है। आयुक्त ने राजनैतिक दलों के माध्यम से स्थानीय प्रतिनिधियों के सहयोग का आह्वान किया।

आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निदेशों का अक्षरशः अनुपालन करने का निदेश दिया गया है। 
आयुक्त ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य के अनुश्रवण एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु जिला निर्वाचन कार्यालय में निर्वाचन नियंत्रण कक्ष/टॉल-फ्री हेल्पलाईन-1950 कार्यरत है। 

प्रमंडलीय आयुक्त ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तथा निर्वाचन कार्यों में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं मतदाता जागरूकता गतिविधियों का संचालन करने का निदेश दिया।

0 Response to "प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा 15 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की गई, माननीय जन-प्रतिनिधियों एवं निर्वाचकों से फीडबैक लिया गया "

एक टिप्पणी भेजें

Ads on article

Advertise in articles 1

advertising articles 2

Advertise under the article