
पीएम मोदी ने मॉरीशस में भोजपुरी भाषा की तारीफ कर बिहार के लोगों को गौरवान्वित किया: डॉ. दिलीप जायसवाल
*पीएम मोदी का बिहार प्रेम कई मौकों पर दिखा है: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*मॉरीशस की धरती पर ठेठ बिहारी अंदाज में स्वागत से प्रफुल्लित दिखे पीएम मोदी: डॉ. दिलीप जायसवाल*
पटना, 11 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों मॉरीशस की यात्रा पर हैं। वे वहां के स्वागत से अभिभूत हैं और वहां भोजपुरी भाषा की तारीफ की है। इधर, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मॉरीशस की धरती पर जिस तरह भोजपुरी भाषा की तारीफ की है, उससे बिहार के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का मॉरीशस में भारतीय समुदाय द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया और समुदाय की महिलाओं ने ‘गीत गवई' नामक पारंपरिक बिहारी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से उनका सम्मान किया। ‘गीत गवई' एक पारंपरिक भोजपुरी संगीत समूह है, जो भारत के भोजपुरी क्षेत्र की महिलाओं द्वारा मॉरीशस में लाई गई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी मॉरीशस की धरती पर ठेठ बिहारी अंदाज में स्वागत से प्रफुल्लित दिखे। प्रधानमंत्री ने स्वयं कहा कि वह मॉरीशस में अविस्मरणीय स्वागत से बहुत अभिभूत हैं। उन्होंने मॉरीशस में भोजपुरी भाषा की महत्वपूर्ण मौजूदगी पर भी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारतीय विरासत, संस्कृति और मूल्यों से उनका गहरा जुड़ाव वाकई प्रेरणादायक है। इतिहास और दिल का यह बंधन पीढ़ियों से चला आ रहा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार प्रेम कई मौकों पर दिखा है। हाल में पेश केंद्रीय बजट में भी उनका बिहार के प्रति चिंता दिखी थी, तभी उन्होंने बिहार को कई सौगात दी। अब विदेश की धरती पर भी उन्होंने जिस तरह बिहार की भाषा भोजपुरी की तारीफ की, उससे बिहार के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को देश के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारतीय नौसेना के एक जहाज के साथ भारतीय रक्षा बलों की एक टुकड़ी भी समारोह में भाग लेगी।
0 Response to "पीएम मोदी ने मॉरीशस में भोजपुरी भाषा की तारीफ कर बिहार के लोगों को गौरवान्वित किया: डॉ. दिलीप जायसवाल"
एक टिप्पणी भेजें