विपक्ष जो रेवड़ी बांटने की घोषणा कर रही वह एनडीए सरकार सम्मान के साथ देगी: डॉ. दिलीप जायसवाल
*भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को दिया धन्यवाद, जताया आभार*
*जनता को अब 'लालटेन युग' नहीं, नीतीश का 'विकास युग' पसंद है: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*विपक्ष भाषा की मर्यादा की लक्ष्मण रेखा भी पार कर जा रही है: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*भाजपा के अध्यक्ष डॉ. जायसवाल का विपक्ष को नसीहत, 'किसी एक मुद्दे पर स्थिर होना होगा'*
*छत्तीसगढ़ और दिल्ली उदाहरण हैं, झूठा वादा नहीं, सिर्फ मोदी की गारंटी चलेगी: डॉ. दिलीप जायसवाल*
*भाजपा कार्यकर्ताओं में सकारात्मक जोश आया है जो बिहार को विकसित बनाएगा: डॉ. दिलीप जायसवाल*
पटना, 6 मार्च। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आज विपक्ष पर जहां जमकर सियासी हमला बोला, वहीं नसीहत भी दी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि आज विपक्ष जिस तरह की राजनीति कर रहा है, उसे जनता पसंद नहीं करती है। आज जनता न संस्कारहीन बातों को सुनना चाहती है और न ही एक-दूसरे पर की जा रही टीका-टिप्पणी को। बिहार की जनता अब लालटेन युग में भी नहीं लौटना चाहती है। जनता को अब लालटेन युग नहीं, नीतीश का विकास युग पसंद है।
भाजपा के अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने औपचारिक रूप से पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद आज अपनी पहली प्रेस वार्ता में कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व को अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज राजनीति सिर्फ एक-दूसरे पर टीका-टिप्पणी तक सीमित रह गई है। विपक्ष तो भाषा की मर्यादा की लक्ष्मण रेखा भी पार कर जा रही है। विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष विकास, रोजगार और अपराध की बात करता था, लेकिन जब हमने विकास नहीं देखने को लेकर आंख का इलाज करने की बात और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 12 लाख रोजगार देने की बात कही, तो विपक्ष इन मामलों को भूल गया। विपक्ष युवाओं की बात कर रहा है, लेकिन जब युवा भविष्य के लिए प्रतिस्पर्धा की ओर बढ़ रहा है और आपका इतिहास चरवाहा विद्यालय का हो, तो प्रदेश के युवा कैसे विश्वास करें?
भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने आगे कहा कि एनडीए संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में जिस तरह युवाओं का हुजूम उमड़ रहा है, उससे विपक्ष हताश है। उन्होंने बिना किसी के नाम लिए कहा कि पहले छह से आठ घंटे ही बिजली रहती थी। आज भी जब विपक्ष लालटेन की बात कर रहा हो, तो सोच सकते हैं कि वह कैसा विकास की बात कर रहा है।
विपक्ष को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि वे 'पूर्व' के लोगों पर भी टिप्पणी करने से बाज नहीं आते। वे भूल जाते हैं कि एक दिन सभी को उसी उम्र में आना है। अमेरिका सबसे विकसित देश है और शायद वहां के राष्ट्रपति की उम्र का अंदाजा उन्हें नहीं है। उम्र का अनुभव और उम्र का तकाजा देश को आगे ले जाने का काम करता है। महत्वपूर्ण विकसित देशों के राष्ट्राध्यक्ष की उम्र क्या है, उन्हें पता कर लेना चाहिए। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि गाल बजाने और जाहिलों की तरह बात करने से अब काम नहीं चलने वाला है। किसी एक मुद्दे पर स्थिर होना होगा।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आज विपक्ष के नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बनना चाहते हैं। उन्होंने बिहार के लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि आपकी इच्छा नीतीश कुमार ही पूरी करेंगे। जो गाल बजाने का काम करते हैं, वे कभी सत्ता में नहीं आने वाले हैं। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, जो मुद्दा लाए, वह फेल हो गए।
विपक्ष के 100 प्रतिशत डोमेसाइल नीति बनाने की घोषणा को लेकर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वे अपने दल से राज्यसभा के उम्मीदवार को बनाएं। पहले अपने दल में समाजवाद और 100 प्रतिशत डोमेसाइल लागू कर लें। उनके राज्यसभा सदस्य शायद हरियाणा के हैं। वे पहले अपने परिवार से निकले।
उन्होंने कहा कि विपक्ष जो वादे की बात कर रहा है, उसके जवाब के लिए एनडीए तैयार है। यह झूठा वादा नहीं चलेगा, मोदी की सिर्फ गारंटी चलेगी। छत्तीसगढ़ और दिल्ली का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में भी जो मुफ्त में देने की बात विपक्ष कर रहा है, वही बात एनडीए सम्मान के साथ देने की बात करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन महापर्व समाप्त हुआ है। बिहार में करीब 60 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए गए हैं और 1137 मंडल था, अब इसकी संख्या बढ़ाकर 1422 हो चुकी है, ताकि हम आसानी से बूथों तक पहुंच सकें और उसे मजबूत कर सकें। इसके अलावा संगठन जिला बढ़ाकर 52 कर दिया गया। यही नहीं, करीब 1.50 लाख सक्रिय सदस्य बने हैं। इन्हीं कार्यकर्ताओं के भरोसे हम मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेंगे और विजयी होंगे। आज बिहार में माहौल बदल गया है। कार्यकर्ताओं में सकारात्मक जोश आया है जो बिहार को विकसित बनाएगा।
आज के इस प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश वर्मा, शिवेश राम, प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, प्रभात कुमार, सूरज पांडे, सुमित शशांक उपस्थित रहे।
0 Response to "विपक्ष जो रेवड़ी बांटने की घोषणा कर रही वह एनडीए सरकार सम्मान के साथ देगी: डॉ. दिलीप जायसवाल"
एक टिप्पणी भेजें