प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार डॉ. बी. राजेन्दर द्वारा आज आयुक्त कार्यालय, पटना प्रमंडल, पटना का भ्रमण किया गया
प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार डॉ. बी. राजेन्दर द्वारा आज आयुक्त कार्यालय, पटना प्रमंडल, पटना का भ्रमण किया गया। उन्होंने आयुक्त प्रकोष्ठ, सभाकक्ष, प्रतीक्षा कक्ष, अधिकारियों का प्रकोष्ठ, विभिन्न विभागों का कार्यालय सहित सम्पूर्ण परिसर का भ्रमण किया तथा अधिकारियों एवं कर्मियों से वार्ता की। प्रधान सचिव ने आधुनिक विशिष्टियों के अनुसार प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय के जीर्णोद्धार तथा पुनर्विकास पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कार्यालय में नव-पदस्थापित सहायक प्रशाखा पदाधिकारियों का मार्ग-दर्शन भी किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इससे पूर्व आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना श्री कुमार रवि द्वारा प्रधान सचिव का प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में आगमन होते ही फूल तथा गुलदस्तों से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधान सचिव महोदय के मार्ग-दर्शन से हमसब में असीम ऊर्जा का संचार होता है। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए समस्त आधिकारिक कार्यों का ससमय निर्वहन किया जाता है। प्रधान सचिव ने आयुक्त कार्यालय की उत्तम कार्यशैली पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी तरह उकृष्ट ढंग से कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर आयुक्त श्री कुमार रवि के साथ जिलाधिकारी, पटना श्री शीर्षत कपिल अशोक, उप निदेशक पंचायती राज डॉ. विद्यानन्द सिंह, आयुक्त के सचिव श्री विनय कुमार ठाकुर, सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार श्री मनोज कुमार चौधरी, उप निदेशक आईपीआरडी, पटना प्रमंडल श्री लोकेश कुमार झा, उप निदेशक खाद्य श्रीमती प्रतिभा कुमारी, उप निदेशक सांख्यिकी श्रीमती शशिप्रभा सहित अन्य भी उपस्थित थे।
0 Response to "प्रधान सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार डॉ. बी. राजेन्दर द्वारा आज आयुक्त कार्यालय, पटना प्रमंडल, पटना का भ्रमण किया गया"
एक टिप्पणी भेजें